GWALIOR NEWS. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शादी का झांसा देकर मंगेतर द्वारा युवती से दुष्कर्म करने और दहेज में लग्जरी कार व 5 लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मंगेतर ने शादी से इनकार कर दिया और WhatsApp पर मैसेज भेजकर रिश्ता तोड़ दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मंगेतर समेत उसके परिवार के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी

शादी का भरोसा देकर युवती से बनाए संबंध
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में रहने वाली 28 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि उसका रिश्ता भिंड निवासी विजय बघेल से तय हुआ था। करीब तीन साल पहले दोनों परिवारों के बीच रिश्ते को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन उस समय बात नहीं बन पाई। बाद में दोनों परिवारों ने फिर से चर्चा की और शादी के लिए सहमति बन गई।
युवती का आरोप है कि रिश्ता तय होने के बाद विजय उससे मिलने लगा और शादी का भरोसा देकर नजदीकियां बढ़ाईं। पिछले साल वह उसे दीनदयाल नगर में अपनी मौसी से मिलाने के बहाने एक मकान पर ले गया। युवती के मुताबिक, उस समय मकान में कोई मौजूद नहीं था। आरोप है कि वहां विजय ने शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि विजय बाद में उसे भिंड ले गया और जल्द शादी करने का भरोसा देकर दोबारा उसका शोषण किया। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने रिश्ता खत्म करने की धमकी दी।
अहमदाबाद में हुई थी सगाई, पिता ने खर्च किए 4.50 लाख रुपये
पीड़िता के अनुसार, अप्रैल 2024 में अहमदाबाद के एक होटल में दोनों की सगाई हुई थी। इस कार्यक्रम में युवती के पिता ने करीब 4 लाख 50 हजार रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि सगाई के अगले ही दिन विजय और उसके परिवार ने शादी के लिए दहेज की अतिरिक्त मांग रख दी। शिकायत में विजय के पिता प्रहलाद बघेल, मां सुशीला बघेल, भाई शिशुपाल और भाभी खुशबू को भी आरोपी बनाया गया है। युवती का आरोप है कि शादी के लिए लग्जरी कार, 5 लाख रुपये नकद और सोने की अंगूठी की मांग की गई।परिवार ने इतनी बड़ी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने कथित तौर पर शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद विजय ने WhatsApp पर मैसेज भेजकर युवती को रिश्ता खत्म करने की जानकारी दे दी।
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
अपने साथ हुए कथित धोखे और उत्पीड़न को लेकर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंगेतर समेत परिवार के पांच लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, दहेज प्रतिषेध अधिनियम और धमकी देने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



































