JAGDALPUR NEWS. आंध्र प्रदेश में रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। विशाखापट्टनम डिवीजन में एमवीजी और सीटीएस स्टेशनों के बीच ट्रैक पर मलबा आने के बाद दक्षिण तट रेलवे ने कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। रेलवे के आदेश के मुताबिक, दो एक्सप्रेस ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि चार अन्य ट्रेनों को आंशिक रूप से चलाने का फैसला लिया गया है।

इसका असर ओडिशा के कोरापुट और छत्तीसगढ़ के जगदलपुर व किरंदुल की ओर आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। यात्रियों को सफर शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। रेलवे ने विशाखापट्टनम और किर्लामुडी के बीच चलने वाली दो ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें ट्रेन नंबर 18515 विशाखापट्टनम-किर्लामुडी एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 18516 किर्लामुडी-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस शामिल हैं। दोनों ट्रेनें 13 से 20 अक्टूबर 2026 तक नहीं चलेंगी।

भुवनेश्वर-जगदलपुर एक्सप्रेस (18447) को 13 से 20 अक्टूबर तक कोरापुट में ही समाप्त किया जाएगा। वहीं, जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस (18448) 14 से 21 अक्टूबर तक कोरापुट से ही रवाना होगी। इस बदलाव के कारण दोनों ट्रेनों का जगदलपुर और कोरापुट के बीच परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर (58501) को 13 से 20 अक्टूबर तक कोरापुट में ही समाप्त करने का निर्णय लिया है।

इसी तरह किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर (58502) भी 13 से 20 अक्टूबर तक कोरापुट से ही चलेगी। इस बदलाव से कोरापुट, जगदलपुर और किरंदुल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन और उपलब्ध वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी रेलवे से प्राप्त कर लें।





































