LUCKNOW NEWS. राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में शुक्रवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर घायल हुए कैफे संचालक शिवा शर्मा ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। इस मामले में मृतक की मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनके बेटे को पहले बंधक बनाकर बेरहमी से प्रताड़ित किया गया और फिर फ्लैट से नीचे फेंक दिया गया। हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि मामला हादसे का है या इसके पीछे किसी साजिश की आशंका है।
फोन पर मिली हादसे की सूचना, अस्पतालों के चक्कर काटते रहे परिजन
शिवा की मां रंजना शर्मा के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे उनके पास रश्मि दुबे नाम की युवती का फोन आया। उसने बताया कि शिवा का एक्सीडेंट हो गया है और उसे लोहिया अस्पताल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां शिवा नहीं मिला। करीब डेढ़ घंटे बाद उन्हें जानकारी मिली कि शिवा को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में शिफ्ट किया गया है। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान उन्हें सही जानकारी नहीं मिल पाई और वे अपने बेटे की तलाश में परेशान होते रहे।
परिजनों को देखते ही एंबुलेंस छोड़कर भागा ड्राइवर
परिजनों के अनुसार, मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर एंबुलेंस के पास रश्मि की बहन श्रद्धा के ड्राइवर दानिश की मौजूदगी थी। आरोप है कि दानिश फोन पर खुद को सौरव कश्यप बताता था। परिजनों को देखते ही वह घायल शिवा और एंबुलेंस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। एंबुलेंस चालक ने बताया कि वह पिछले करीब तीन घंटे से घायल युवक को लेकर लोहिया अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के बीच चक्कर लगा रहा था। बाद में डॉक्टरों ने शिवा की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया।
शरीर पर गंभीर चोटों के निशान, मां ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
शिवा की मां रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ पहले मारपीट और बर्बरता की गई, जिसके बाद उसे चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। उनका दावा है कि शिवा के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। उसकी दोनों आंखों पर चोट थी, जबड़ा टूटा हुआ था और कान-नाक से खून बह रहा था। इसके अलावा पसलियों और पैर में फ्रैक्चर होने की बात भी कही गई है। परिजनों ने शरीर पर सिगरेट से जलाने और खरोंचने के निशान होने का भी दावा किया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर होनी बाकी है।
4-5 महीने से प्रताड़ित करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि श्रद्धा दुबे पिछले चार से पांच महीनों से शिवा को परेशान कर रही थी। परिवार के मुताबिक, उसे मारपीट करने, झूठे मुकदमे में फंसाने और बदनाम करने की धमकियां दी जा रही थीं। रंजना शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि करीब एक सप्ताह पहले श्रद्धा उनके बेटे की दुकान पर पहुंची थी। वहां उसने कथित तौर पर शिवा को उसके हवाले करने की बात कही और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। परिवार का दावा है कि आरोपियों की ओर से उनके घर और दुकान की रेकी भी कराई जा रही थी।
पुलिस ने दर्ज किया केस, हादसा या हत्या की जांच जारी
मामले में एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि युवक की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिवा को धक्का दिया गया था या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है। मामले में तकनीकी साक्ष्यों और फॉरेंसिक पहलुओं की जांच की जा रही है।




































