RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों को राज्य सरकार ने राहत दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी अब 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया है। खास बात यह है कि पेराई सत्र 2025-26 में पहले ही खरीदे जा चुके गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर से किया जाएगा। इससे संबंधित सत्र में गन्ना बेच चुके किसानों को भी इस फैसले का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली ही समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर मूल्य मिले, खेती लाभकारी बने और किसान परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। गन्ना उत्पादक किसानों के हितों का विषय भी प्रमुखता से उठा। किसानों की मांगों और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने शक्कर कारखानों में गन्ना खरीदी की दर 425 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित करने का निर्णय लिया। साथ ही स्पष्ट किया कि पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी इसी बढ़ी हुई दर के आधार पर किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में भारतीय किसान संघ के संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे। मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी किसानों के हितों को अपनी नीतियों और निर्णयों के केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं और आवश्यकताओं के प्रति सरकार संवेदनशील है। किसान हित से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लिए जा रहे हैं, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।

गन्ना खरीदी की दर बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल किए जाने के फैसले पर भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास में किसानों की अहम भूमिका है। खेती-किसानी मजबूत होगी तो गांवों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और ग्रामीण समृद्धि से ही छत्तीसगढ़ के विकास का रास्ता मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य कृषि को किसानों के लिए सम्मानजनक और लाभकारी आजीविका का माध्यम बनाना है। गन्ना खरीदी की दर बढ़ाने का निर्णय भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है।





































