SURGUJA NEWS. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने जा रही दो नाबालिग छात्राओं को चार लड़कों ने कार्यक्रम स्थल तक छोड़ने के बहाने लिफ्ट दी। दोनों छात्राएं आरोपियों के साथ बाइक और स्कूटी पर बैठ गईं। रास्ते में आरोपियों ने एक छात्रा को तो कार्यक्रम स्थल के पास पहुंचा दिया, लेकिन दूसरी नाबालिग को सुनसान जगह ले गए। आरोप है कि वहां चारों लड़कों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर मौके से फरार हो गए।

मामला लुंड्रा थाना क्षेत्र का है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल बताया जा रहा है।

आर्केस्ट्रा देखने निकली थीं दो छात्राएं
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर की रात लुंड्रा में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। दो नाबालिग छात्राएं पैदल कार्यक्रम देखने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक और स्कूटी सवार चार लड़के मिले।
आरोपियों ने दोनों छात्राओं से कहा कि वे उन्हें आर्केस्ट्रा कार्यक्रम स्थल तक छोड़ देंगे। इसके बाद एक छात्रा बाइक पर और दूसरी स्कूटी पर बैठ गई।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बाइक पर बैठी छात्रा को लुंड्रा पहुंचा दिया। वहीं, स्कूटी पर बैठी दूसरी छात्रा को कार्यक्रम स्थल ले जाने के बजाय आरोपी कथित तौर पर सुनसान जगह पर ले गया। आरोप है कि वहां उसने अपने साथियों को भी बुला लिया।
सुनसान जगह पर ले जाकर गैंगरेप का आरोप
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों ने नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद अगले दिन परिजन नाबालिग को लेकर लुंड्रा थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
चारों आरोपी हिरासत में, एक नाबालिग
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अगासी क्षेत्र से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। वहीं, एक अन्य आरोपी फरार था, जिसे देर रात पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनका मेडिकल कराया जा रहा है। लुंड्रा पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। नाबालिग पीड़िता की पहचान कानून के तहत गोपनीय रखी जा रही है





































