RAIPUR NEWS. भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम SING फोरम 2026 में भागीदारी के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य को अपनी उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री साय फोरम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को सामने रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों, मजबूत अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं के जरिए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। SING फोरम 2026 में भागीदारी को राज्य की विकास संभावनाओं और निवेश अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों तक पहुंचाने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है।






































