RAIPUR NEWS. उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने प्रदेशभर की सड़कों और पुलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत का काम 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण खराब हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए। राष्ट्रीय राजमार्गों समेत सभी प्रमुख मार्गों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में आयोजित समीक्षा बैठक में साव ने सभी परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंताओं, मंडलों के अधीक्षण अभियंताओं और संभागों के कार्यपालन अभियंताओं से सड़कों एवं पुलों की स्थिति की जानकारी ली। बैठक में विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी मौजूद रहे, जबकि सभी संभागों के कार्यपालन अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

दो-तीन दिनों में फील्ड निरीक्षण के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अगले दो-तीन दिनों में अपने-अपने कार्यक्षेत्र का दौरा कर सड़कों और पुलों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने और बरसात खत्म होते ही काम शुरू करने के निर्देश दिए।
मरम्मत और संधारण कार्यों के लिए आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त राशि उपलब्ध कराने की बात भी उन्होंने कही। इसके लिए तत्काल निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय करने के निर्देश दिए गए।

साव ने सड़कों और पुलों के साथ-साथ डिवाइडरों की मरम्मत, साफ-सफाई और रंगाई-पुताई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो-तीन दिन फील्ड में रहकर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए।
15 अक्टूबर से नए निर्माण कार्यों में तेजी
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन नए निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है और जिनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो गई है, उन्हें 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी होने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, आवश्यकतानुसार डायवर्टेड रूट उपलब्ध कराने और पर्याप्त साइनेज लगाने के निर्देश भी दिए गए।
ठेकेदारों से कराएं परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत
अरुण साव ने परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मरम्मत और संधारण का काम संबंधित ठेकेदारों से तत्परता से कराने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बेहतर गुणवत्ता के निर्माण कार्यों के माध्यम से लोक निर्माण विभाग की सकारात्मक छवि मजबूत होनी चाहिए।

विभागीय कार्यालयों में चलेगा स्वच्छता अभियान
उप मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग के सभी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयों और परिसरों को गंदगी, कबाड़ एवं कूड़े-करकट से मुक्त रखने तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय सहित मुख्य अभियंता एस.के. कोरी, ज्ञानेश्वर कश्यप, पी.एम. कश्यप, एन.के. जयंत, आर.के. रात्रे, समय लाल, के.पी. संत, टी.आर. कुंजाम, जी.एस. मंडावी और एस.के. कोर्राम उपस्थित रहे।




































