BILASPUR NEWS. पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। सरकंडा थाना क्षेत्र के बहतराई नया तालाब के पास एक युवक ने समझाइश देने पहुंचे महेंद्र यादव उर्फ गोलू पर बटनदार चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से महेंद्र के पेट में गंभीर चोट आई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में सरकंडा पुलिस ने आरोपी राहुल यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पत्नी से विवाद कर रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार बहतराई गली नंबर-2 निवासी अरुण कुमार यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक उनका 36 वर्षीय बेटा महेंद्र यादव बुधवार रात करीब 8:30 बजे घर से घूमने निकला था। इसी दौरान बहतराई नया तालाब के पास राहुल यादव अपनी पत्नी से विवाद करते हुए गाली-गलौज कर रहा था।
महेंद्र ने विवाद बढ़ता देख राहुल को ऐसा करने से मना किया और समझाइश देने लगा। उस समय राहुल अपनी पत्नी को लेकर वहां से चला गया।

कुछ देर बाद लौटा और कर दिया हमला
बताया गया कि कुछ देर बाद राहुल यादव दोबारा मौके पर पहुंचा। उसने महेंद्र से विवाद करते हुए कहा कि वह आपसी विवाद के बीच क्यों पड़ रहा है। बात बढ़ने पर आरोपी ने महेंद्र को जान से मारने की धमकी दी और बटनदार चाकू निकालकर उसके पेट पर वार कर दिया।
हमले में महेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद अरुण के दोस्त के बेटे विक्रम कौशिक ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

हत्या के प्रयास समेत धाराओं में अपराध दर्ज
घटना की शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने आरोपी राहुल यादव के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।





































