RAIGARH NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। रामभांठा स्थित पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में किशोर का शव मिला था। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में हत्या के पीछे एक स्थानीय युवती को लेकर विवाद और आरोपी शिवम बानी का कथित एकतरफा लगाव सामने आया है।

चक्रधर समारोह देखने निकला था किशोर
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे किशोर चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। 15 सितंबर की सुबह पुलिस को रामभांठा के पुराने बस डिपो के पास संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में एक किशोर का शव पड़े होने की सूचना मिली।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। परिजनों ने शव की पहचान 16 वर्षीय किशोर के रूप में की। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुई FIR
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026 और धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
आखिरी बार दो युवकों के साथ देखा गया था
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों और संभावित गवाहों से पूछताछ की। इस दौरान जानकारी मिली कि किशोर को आखिरी बार दो युवकों के साथ देखा गया था। पुलिस ने 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होने से इनकार किया। हालांकि, आगे की पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को वारदात से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

युवती से मेलजोल को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिवम बानी का एक स्थानीय युवती के प्रति कथित एकतरफा लगाव था। किशोर का भी युवती से मेलजोल था। 14 सितंबर की रात आरोपी ने किशोर को युवती के साथ देखा था। इसके बाद उसे रामलीला मैदान के पास बुलाया गया।
पुलिस जांच के अनुसार, शिवम बरेठ ने किशोर का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया और मोबाइल वापस करने के लिए 1,000 रुपये की मांग की। इसके बाद दोनों आरोपी किशोर को मोबाइल के साथ पुराने बस डिपो की ओर ले गए।
डराने-धमकाने के बाद पत्थर से हमला
पुलिस के अनुसार, पुराने बस डिपो के पास दोनों आरोपियों ने किशोर को युवती से बातचीत और मेलजोल नहीं रखने की बात कहकर डराया-धमकाया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दोनों ने पत्थर से किशोर के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
मोबाइल और कथित रक्तरंजित कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल बरामद किया है। इसके अलावा आरोपियों के मेमोरेडम के आधार पर घटना के समय पहने गए कथित रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन कराया और अन्य साक्ष्य जुटाए।
एक आरोपी के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिवम बरेठ के खिलाफ कोतवाली थाने में पूर्व में मारपीट के मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

गिरफ्तार आरोपी
– शिवम बरेठ, उम्र 20 वर्ष, पिता दिनेश बरेठ, निवासी बैकुंठपुर, रायगढ़।
– शिवम बानी, उम्र 23 वर्ष, पिता संतराम बानी, निवासी बैकुंठपुर, महावीर चौक, रायगढ़।
पुलिस का कहना है कि गवाहों से पूछताछ, संदिग्धों की पहचान, वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। बरामद मोबाइल, कथित रक्तरंजित कपड़े और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है।






































