RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में रविवार रात प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। माना थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी महिला मित्र पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को डायल-112 की टीम ने तत्काल मेकाहारा (अंबेडकर अस्पताल) पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान आरंग निवासी राजकुमारी साहू के रूप में हुई है। वहीं आरोपी वीरू धीवर भी आरंग का रहने वाला बताया गया है। दोनों के बीच वर्ष 2021 से प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि राजकुमारी अपने पति और ससुराल पक्ष से अलग रह रही थी। घटना की रात दोनों साथ थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में वीरू ने महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

पहले भी सामने आया था खूनी विवाद
पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि पूर्व में आरंग थाने में वीरू धीवर के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने राजकुमारी की सास पर फावड़े से हमला किया था। अब महिला को ही आग के हवाले करने की कोशिश का आरोप सामने आया है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद माना थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी के फरार होने की दिशा का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।







































