NEW DELHI NEWS. केंद्र सरकार की नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए SSC CGL 2026 परीक्षा का शेड्यूल जारी हो गया है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) के अनुसार, संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा यानी CGL Tier-1 का आयोजन 30 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा देशभर में अलग-अलग केंद्रों पर कई शिफ्ट में कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में होगी। इस भर्ती अभियान के जरिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और सरकारी कार्यालयों में 12,256 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर, जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर और ऑडिटर समेत कई पद शामिल हैं।

SSC CGL Tier-1 में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। परीक्षा 200 अंकों की होगी और चारों सेक्शन से 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे। जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग 50 अंक, जनरल अवेयरनेस 50 अंक, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड 50 अंक और इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन 50 अंक का होगा। रीजनिंग में कोडिंग-डिकोडिंग, नंबर सीरीज, एनालॉजी, वेन डायग्राम, प्रॉब्लम सॉल्विंग, फिगरल सीरीज, एम्बेडेड फिगर्स और लॉजिकल रीजनिंग जैसे टॉपिक शामिल रहेंगे। जनरल अवेयरनेस में करंट अफेयर्स के साथ इतिहास, संस्कृति, भूगोल, अर्थव्यवस्था, सामान्य नीति और वैज्ञानिक अनुसंधान से सवाल पूछे जाएंगे।

क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड में गणितीय क्षमता और संख्यात्मक गणना पर आधारित प्रश्न होंगे। इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन में भाषा की समझ और बेसिक राइटिंग क्षमता परखी जाएगी। SSC CGL Tier-1 में इस बार उम्मीदवारों को कुल 60 मिनट मिलेंगे। चारों सेक्शन के लिए अलग-अलग 15-15 मिनट निर्धारित होंगे। 15 मिनट पूरे होते ही संबंधित सेक्शन ऑटो-सबमिट होकर लॉक हो जाएगा और अगला सेक्शन शुरू होगा।

इसका मतलब उम्मीदवार पहले वाले सेक्शन में वापस जाकर छूटे हुए सवालों को दोबारा अटेम्प्ट नहीं कर सकेंगे। इसलिए परीक्षा में समय प्रबंधन पहले से ज्यादा महत्वपूर्ण होगा।इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन को छोड़कर प्रश्न हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होंगे। गलत उत्तर पर 0.50 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी रहेगी। SSC के अनुसार, परीक्षा से करीब 9 से 12 दिन पहले एग्जाम सिटी और एप्लीकेशन स्टेटस की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं एडमिट कार्ड परीक्षा से लगभग 2 से 3 दिन पहले जारी किए जाएंगे।

दिसंबर में Tier-2 परीक्षा प्रस्तावित
SSC CGL की चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले Tier-1 परीक्षा होगी। इसमें सफल उम्मीदवार Tier-2 परीक्षा में शामिल होंगे। Tier-2 परीक्षा दिसंबर 2026 में प्रस्तावित है। अंतिम चयन Tier-1 और Tier-2 में उम्मीदवार के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।






































