KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल में राजनीतिक माहौल के बीच जादवपुर यूनिवर्सिटी के आसपास एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई। भाजपा नेता और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बुधवार को दक्षिण कोलकाता के गोलपार्क से जादवपुर यूनिवर्सिटी के 8B बस स्टैंड तक करीब 3 किलोमीटर लंबी ‘भगवा सम्मान यात्रा’ निकाली गई। भगवा वस्त्र और हाथ में भगवा ध्वज लिए शुभेंदु अधिकारी ने यात्रा की अगुवाई की।

कश्मीर आजादी चाहता है नारे को लेकर अधिकारी का हमला
यात्रा के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने यूनिवर्सिटी परिसर में कथित तौर पर लगाए गए ‘कश्मीर आजादी चाहता है’ जैसे नारों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता के खिलाफ आवाज उठाने वाली ताकतों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारी ने ऐसी ताकतों को जड़ से उखाड़ फेंकने की चेतावनी भी दी।

साधु-संतों से लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं तक जुटी भीड़
भगवा सम्मान यात्रा में साधु-संतों, सामाजिक प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। हाथों में भगवा ध्वज और जय श्रीराम के नारों के बीच निकले इस मार्च ने इलाके का माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग दिया। भाजपा नेताओं का कहना है कि यात्रा का उद्देश्य भगवा रंग की गरिमा और सम्मान के पक्ष में संदेश देना था।

जादवपुर में पहले से जारी है वैचारिक टकराव
जादवपुर यूनिवर्सिटी लंबे समय से अलग-अलग छात्र संगठनों के बीच वैचारिक टकराव को लेकर चर्चा में रही है। वाम समर्थित छात्र संगठनों और RSS से जुड़े ABVP के बीच नारेबाजी और दीवार लेखन को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि में शुभेंदु अधिकारी की यह यात्रा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इससे पहले भी अधिकारी ने यूनिवर्सिटी के बाहर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया था। अब भगवा सम्मान यात्रा के जरिए भाजपा ने जादवपुर के मुद्दे पर अपनी राजनीतिक सक्रियता और तेज कर दी है।



































