RAIPUR NEWS. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विस्तार और आर्थिक विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में खास तौर पर राजनांदगांव में GAIL (India) Limited के प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट और Electronics Manufacturing Cluster 2.0 को लेकर विचार-विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। परियोजना के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही प्लांट से जुड़े सहायक उद्योगों, परिवहन, सेवाओं और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इसका लाभ केवल राजनांदगांव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में मदद मिलेगी।

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पर सरकार का फोकस
बैठक में Electronics Manufacturing Cluster 2.0 को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए बेहतर माहौल बनाने और नए निवेश को आकर्षित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का फोकस ऐसे उद्योगों पर है, जिनमें आधुनिक तकनीक, उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण और रोजगार की बड़ी संभावनाएं हों। इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को इसी रणनीति का हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

निवेश का फायदा स्थानीय युवाओं तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से छत्तीसगढ़ में बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट और निवेश लाने की संभावनाएं बढ़ी हैं। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश में आने वाला निवेश केवल उद्योगों तक सीमित न रहे, बल्कि स्थानीय युवाओं के रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक समृद्धि का माध्यम बने। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की प्रस्तावित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी सोच के अनुरूप एक महत्वपूर्ण कदम है।





































