BILASPUR NEWS. नशीले कफ सिरप की अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर एक कार से 520 नग प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद किया है। जब्त सिरप की अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार 780 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कफ सिरप उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाया जा रहा है। सूचना पर सरकंडा पुलिस की टीम ने बिरकोना रोड गैस गोदाम के पास घेराबंदी की। इसी दौरान काले रंग की कार क्रमांक CG 04 QD 9753 को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की खोलते ही पुलिस को प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप का जखीरा मिला।

तलाशी में 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप, जिसका कुल वजन करीब 85.02 किलोग्राम है, बरामद हुआ। आरोपियों से सिरप के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कफ सिरप के साथ कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
पुलिस ने मामले में मिथुन बघेल (28), निवासी ग्राम भुंडा, थाना कोटा और अमन कुमार चौबे (26), निवासी गनियारी बाजारपारा, थाना कोटा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में कफ सिरप बिक्री के लिए उपलब्ध कराने वाले राजा भोई और नीरज पटेल के नाम सामने आए हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।



































