SWACHH VAYU SURVEKSHAN 2026। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 के परिणाम जारी कर दिए हैं। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की कैटेगरी-I में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने 198 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया है। इसके बाद मध्यप्रदेश के इंदौर और जबलपुर का नंबर रहा।

मध्यप्रदेश ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया है। इंदौर ने 197 अंक हासिल कर दूसरा, जबकि जबलपुर ने 195 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। भोपाल और आगरा 192-192 अंकों के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे। गुजरात का सूरत 191 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर रहा।

MP के तीन शहर टॉप-5 में
कैटेगरी-I में मध्यप्रदेश के तीन शहर टॉप-5 में शामिल हुए हैं। इंदौर, जबलपुर और भोपाल की रैंकिंग ने राज्य के प्रदर्शन को खास बना दिया है। वहीं छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ने 189 अंकों के साथ छठा स्थान हासिल किया। दुर्ग-भिलाई 175.3 अंकों के साथ 17वें स्थान पर रहा। दूसरी ओर, देश की राजधानी दिल्ली 172 अंकों के साथ 21वें और मुंबई 160.8 अंकों के साथ 28वें स्थान पर रही।

3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में राउरकेला नंबर-1
कैटेगरी-II में 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों को शामिल किया गया। इस श्रेणी में ओडिशा का राउरकेला 198.5 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। फिरोजाबाद और गुंटूर 195-195 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। छत्तीसगढ़ का कोरबा 186.5 अंकों के साथ 10वें स्थान पर रहा। मध्यप्रदेश में उज्जैन 181.5 अंकों के साथ 13वें, सागर 178 अंकों के साथ 18वें और ग्वालियर 157 अंकों के साथ 30वें स्थान पर रहा।

3 लाख से कम आबादी वाले शहरों में कलिंग नगर आगे
कैटेगरी-III में 3 लाख से कम आबादी वाले शहरों को शामिल किया गया। इसमें कलिंग नगर 198.5 अंकों के साथ पहले, अंगुल 196.5 अंकों के साथ दूसरे और तालचेर 193.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। मध्यप्रदेश का देवास 188 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहा और टॉप-10 में जगह बनाने में सफल रहा।
वार्ड रैंकिंग में भी MP और UP का दबदबा
राष्ट्रीय स्तर पर 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की रैंकिंग में लखनऊ के जोन-4 स्थित वार्ड-70 ने पहला स्थान हासिल किया। भोपाल का BMC-60 वार्ड दूसरे और महाराष्ट्र के नासिक का NMC वार्ड-7 तीसरे स्थान पर रहा।
राज्य स्तरीय पुरस्कारों में मध्यप्रदेश से इंदौर के IMC वार्ड-72, भोपाल के BMC-32 और देवास के देवास-26 को चुना गया। वहीं छत्तीसगढ़ के रायपुर के वार्ड-46 और वार्ड-30 तथा भिलाई के वार्ड-5 कोसा नगर को भी सम्मान मिला।










































