BHOPAL NEWS. मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सतना और चित्रकूट में लगातार बारिश के बाद नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे शहरी इलाकों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सतना में इस सीजन की सबसे तेज बारिश दर्ज की गई है, जबकि चित्रकूट में मंदाकिनी का जलस्तर भी लगातार ऊपर जा रहा है। सतना शहर में पिछले 24 घंटे में सुबह साढ़े 5 बजे से 90 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। वहीं मंगलवार को सुबह साढ़े 8 बजे से साढ़े 11 बजे के बीच ही करीब 56 मिमी पानी बरसा। तेज बारिश के कारण शहर के कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बन गई है।

बारिश के चलते सतना-सेमरिया मार्ग पर सेमरावल नदी उफान पर है। बिरसिंहपुर क्षेत्र में मऊ नदी समेत कई नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ग्रामीण इलाकों में पानी बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। इस बीच सितावा नदी में बाढ़ के पानी के साथ बहकर आया एक अजगर पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाता दिखाई दिया। इसका वीडियो और तस्वीरें भी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। चित्रकूट में भी हालात सामान्य नहीं हैं। मंदाकिनी नदी का जलस्तर सुबह 10 बजे के बाद फिर बढ़ा और 138 मीटर तक पहुंच गया। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई गई है।

उपायुक्त राहत की ओर से सतना, मैहर, रीवा, शहडोल समेत अन्य जिलों के कलेक्टरों को वायरलेस संदेश भेजकर अगली सुबह 8 बजे तक भारी बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट किया गया है।सतना में हालात को देखते हुए 2 और 3 सितंबर को सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। इससे पहले मंगलवार को चित्रकूट के रामघाट में बारिश और बाढ़ के पानी का असर देखने को मिला था। यहां करीब 400 दुकानें और 20 से 25 होटल पानी में डूब गए थे। जबलपुर में भी बरगी डैम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में स्ट्रॉन्ग मानसूनी सिस्टम सक्रिय है। इसके प्रभाव से कई जिलों में भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक सीधी, पन्ना, कटनी, उमरिया, डिंडौरी, मंडला और सिवनी में अति भारी बारिश की चेतावनी है। अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में 4 इंच से ज्यादा बारिश हो सकती है। वहीं विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, छतरपुर, सतना, रीवा, मऊगंज, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर और बालाघाट में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, पांढुर्णा, मैहर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों तक सतना और चित्रकूट में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में नदी-नालों का जलस्तर और बढ़ सकता है।

































