KORIYA NEWS. कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र स्थित गेज बांध में रविवार को एक युवक की तैरती हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चरचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।

मृतक की पहचान बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के रामपुर कॉलोनी निवासी राकेश गुप्ता के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राकेश रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहन के घर आया था। बताया जा रहा है कि वह लगातार शराब का सेवन कर रहा था। इसी दौरान वह दोस्तों के साथ गेज बांध पहुंचा, जहां नहाने के दौरान उसके पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर भेज दिया गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






































