तीरंदाज डेस्क। रूस ने अपने पड़ोसी देश यूक्रेन पर हमला कर दिया है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई का एलान कर दिया। इसके बाद यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई शहरों में बमबारी की शूरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि रूस द्वारा बैलेस्टिक मिसाइलों से हमला किया जा रहा है। अमेरिका समेत कई देशों द्वारा लगाई गई पाबंदियों की परवाह किए बना रूस के राष्ट्रपति ने सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दौरान रूसी राष्ट्रपति पुतिन का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा है कि उनके निशाने पर केवल सैन्य ठिकाने हैं। यूक्रेन की जनता को इससे किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा है कि उनका यूक्रेन पर कब्जा करने का इरादा नहीं है। यूक्रेनी सेना हथियार डाले और वापस जाए। इधर यूक्रेन के संसद ने देश में आपातकाल की घोषणा की है वहीं सरकार ने रूस की कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देने की बात भी कही है।
आज सुबह 6 बजे कार्रवाई का ऐलान
मिली जानकारी के अनुसार भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह साढ़ेआठ बजे राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई का एलान किया। सैन्य कार्रवाई का ऐलान करते हुए उन्होंने यूक्रेन की सेना को समर्पण करने के लिए कहा। यही नहीं पुतिन ने अमेरिका व नाटो को इस मामले से दूर रहने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका व नाटो हस्तक्षेप करते हैं तो वे भी अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे।
यूक्रेन के कई शहरों में धमाके
इधर राष्ट्रपति पुतिन ने ऐलान किया और उधर कुछ ही देर बाद यूक्रेन के कई शहरों में धमाकों की खबरें सामने आने लगी। खबर है कि रूसी सेना राजधानी कीव एयरपोर्ट पर भी कब्जे की कोशिश कर रहा है। इस हमले में रूस की सेना बैलेस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल कर रही है। रूसी सीमा से लगे यूक्रेन के शहरों ओडेसा व खार्किव में भी धमाके किए गए हैं। वहीं यूक्रेन की ओर से अब तक जवाबी कार्रवाई नहीं की गई है।
इस बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक भी जारी है। इसमें रूस की कार्रवाई व यूक्रेन के हालात पर सभी देश अपनी राय रख रहे हैं। इसके बाद परिषद किसी फैसले पर पहुंच सकती है। यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने यूएन में दुनियाभर के देशों से कहा कि वे रूस के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करें। रूस पर पाबंदियां बढ़ाने की अपील भी की है। साथ ही यूक्रेन के लिए हथियार, उपकरण, वित्तीय व मानवीय सहायता भेजने की बात कही है।