KHAIRAGARH NEWS. छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) का मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में सतर्कता बढ़ गई है। छुईखदान क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 स्थित कन्डरापारा निवासी 4 वर्षीय बालक कन्हैया चंद्राकर की H1N1 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बालक का राजनांदगांव के संजीवनी अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक, कन्डरापारा निवासी उद्धव चंद्राकर के 4 वर्षीय पुत्र कन्हैया की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे राजनांदगांव के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने आवश्यक जांच कराई, जिसमें बालक के H1N1 संक्रमित होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी गई।

परिवार के सदस्यों की जांच, लिए गए सैंपल
मामले की जानकारी मिलते ही खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम कन्डरापारा पहुंची। टीम ने संक्रमित बालक के परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की और एहतियात के तौर पर उनके सैंपल भी लिए। टीम में लैब टेक्नीशियन अखिल वर्मा, सुपरवाइजर रोहित साहू सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।

वार्ड में घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य सर्वे
संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने वार्ड नंबर 9 और आसपास के क्षेत्रों में घर-घर स्वास्थ्य सर्वे शुरू कर दिया है। इस दौरान लोगों से बुखार, सर्दी, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों के बारे में जानकारी ली जा रही है।
संदिग्ध लक्षण वाले लोगों की पहचान कर उन्हें चिकित्सकीय सलाह दी जा रही है। साथ ही स्वास्थ्यकर्मी स्थानीय लोगों को H1N1 संक्रमण से बचाव के उपायों और आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। विभाग संक्रमित बालक के संपर्क में आए लोगों की भी निगरानी कर रहा है।

लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। विभाग के अनुसार तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, सर्दी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर उन्हें सामान्य मौसमी बीमारी समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
ऐसे लक्षण होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराने और डॉक्टर की सलाह के अनुसार उपचार लेने की अपील की गई है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम क्षेत्र में संभावित मामलों की पहचान और संक्रमण की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी कर रही है।





































