RAIPUR NEWS. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 27 अगस्त को कैम्प कार्यालय बगिया से ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह चलती-फिरती विज्ञानशाला स्कूलों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रयोगों और वैज्ञानिक मॉडलों के जरिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की व्यावहारिक जानकारी देगी। इसका विशेष लाभ उन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलेगा, जहां आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों की पहुंच सीमित है। साइंस ऑन व्हील्स में विद्यार्थियों को मुख्य रूप से चार मॉड्यूल से जोड़ा जाएगा। इनमें अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स, सतत विकास और जल निस्पंदन शामिल हैं। अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के जरिए ब्रह्मांड और अंतरिक्ष विज्ञान, जबकि रोबोटिक्स के माध्यम से नई तकनीक और भविष्य के तकनीकी कौशल की जानकारी दी जाएगी।

सीएम ने कहा कि सतत विकास में पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जल निस्पंदन में स्वच्छ जल, जल संरक्षण और इससे जुड़े वैज्ञानिक समाधानों को प्रयोग करके समझाया जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बच्चों की जिज्ञासा को वैज्ञानिक सोच, प्रयोग और नवाचार से जोड़ना जरूरी है। साइंस ऑन व्हील्स से बच्चे किताबों में पढ़े विज्ञान को स्वयं प्रयोग करके समझ सकेंगे। इससे उनमें सवाल पूछने, प्रयोग करने और समस्याओं का वैज्ञानिक समाधान तलाशने की प्रवृत्ति विकसित होगी।

बच्चे खुद करेंगे प्रयोग, मॉडल से समझेंगे सिद्धांत
वाहन के माध्यम से स्कूलों में वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोग और प्रदर्शनियां पहुंचाई जाएंगी। विद्यार्थी केवल इन्हें देखेंगे नहीं, बल्कि स्वयं प्रयोग और गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे। इसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ तार्किक सोच, समस्या समाधान, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित करना है। पहल को एक बार की गतिविधि तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों में विज्ञान और तकनीक के प्रति स्थायी रुचि विकसित करने पर जोर दिया गया है।

छत्तीसगढ़ समेत तीन राज्यों में पहल
‘साइंस ऑन व्हील्स’ राष्ट्रीय पहल है। इसे छत्तीसगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में प्लक्ष विश्वविद्यालय, IDYM फाउंडेशन और IIT मंडी के सहयोग से लागू किया जा रहा है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की पहल के तहत परियोजना को सहयोग दिया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और अन्य लोग उपस्थित थे।






































