MAHARASHTRA NEWS. महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक परिवार के लिए एक ऐसा दिन आया, जिसे शायद कोई कभी भूल नहीं पाएगा। 18 साल का कुणाल अचानक घर से निकलकर तिसगांव के खावड्या पहाड़ पर पहुंच गया। उसके पीछे-पीछे उसके माता-पिता और गांव के लोग भी पहुंच गए।

कुणाल पहाड़ से नीचे छलांग लगाने की बात कह रहा था। परिवार और ग्रामीण उसे समझाने में जुट गए। किसी ने उसे समझाया, किसी ने घर वापस चलने की अपील की। करीब तीन घंटे तक लोग उसे मनाने की कोशिश करते रहे। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया।

पिता ने बेटे को रोकने की कोशिश की, दोनों नीचे गिर गए
कुणाल को रोकने के लिए उसके पिता उसके पास पहुंचे। पिता ने बेटे को चट्टान से पीछे खींचने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ से नीचे गिर गए। कुछ ही पलों में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। 18 वर्षीय कुणाल और उसके पिता की मौके पर ही मौत हो गई।लेकिन त्रासदी यहीं खत्म नहीं हुई।

पति और बेटे को गिरता देख मां ने भी लगा दी छलांग
आंखों के सामने पति और बेटे को पहाड़ से गिरते देख मां खुद को संभाल नहीं सकीं। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। इस तरह एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। करीब 400 से 500 फीट ऊंची पहाड़ी पर हुए इस हादसे के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू की कोशिश की, लेकिन तीनों को बचाया नहीं जा सका।

आखिर कुणाल पहाड़ पर क्यों पहुंचा था?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही था कि आखिर 18 साल का कुणाल इस खौफनाक कदम तक कैसे पहुंचा? शुरुआत में गांव के पूर्व सरपंच ने बताया था कि कुणाल iPhone खरीदने की जिद कर रहा था। इसी बात को लेकर वह अपने माता-पिता पर दबाव बना रहा था और इसी वजह से पहाड़ पर पहुंचा था।लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो कहानी का एक और पहलू सामने आया।
पुलिस जांच में iPhone की EMI का खुलासा
सीनियर पुलिस अधिकारी रामेश्वर गाडे के मुताबिक, कुणाल ने कथित तौर पर चुपके से iPhone खरीद लिया था। फोन खरीदने के बाद उसकी EMI चुकाने को लेकर वह परेशान था। बताया जा रहा है कि किस्तों के पैसे को लेकर घर में विवाद हुआ। इसके बाद कुणाल कथित तौर पर घर से जान देने की बात कहकर निकल गया। परिवार को जब इसकी जानकारी हुई तो उसके माता-पिता उसे रोकने के लिए पीछे-पीछे पहाड़ तक पहुंच गए। यानी शुरुआत में जिस मामले को सिर्फ iPhone खरीदने की जिद से जोड़कर देखा जा रहा था, पुलिस की जांच में उसके पीछे EMI और पैसों को लेकर तनाव की बात सामने आई।
लोगों ने घंटों समझाया, लेकिन नहीं बच सकी जान
कुणाल को वापस लाने के लिए परिवार के साथ गांव के लोग भी जुटे थे। पूर्व सरपंच संजय जाधव भी उसे समझाने वालों में शामिल थे। लोगों ने उससे कहा कि वह पढ़ा-लिखा है और उसके सामने पूरी जिंदगी पड़ी है। लेकिन किसी की कोशिश काम नहीं आई। कुछ ही देर बाद हुए हादसे में पूरा परिवार बिखर गया।
घटना का वीडियो भी हुआ वायरल
घटना के दौरान पहाड़ी पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भीड़ मौजूद थी। कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जिसके वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।पुलिस ने तीनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





































