BILASPUR NEWS. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के वेयर हाउस रोड स्थित 12 खोली में मंगलवार को दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। चंदा मांगने के बहाने घर में घुसी एक अज्ञात महिला ने मकान मालिक की पत्नी के सिर पर भारी वस्तु से हमला कर उन्हें बेहोश कर दिया। इसके बाद महिला ने उनके पहने सोने-चांदी के जेवर उतारे और फरार हो गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सरकारी क्वार्टर निवासी शंकर साहू ड्राइवर हैं। मंगलवार को वह ड्यूटी पर गए थे, जबकि उनकी पत्नी सविता साहू घर में अकेली थीं। शाम करीब 4 बजे एक अज्ञात महिला चंदा मांगने के बहाने उनके घर पहुंची। सविता ने महिला से बातचीत की और रुपये लेने के लिए जैसे ही घर के अंदर गईं, आरोपी भी उनके पीछे-पीछे कमरे में दाखिल हो गई।

पीछे से किया हमला, बेहोश होते ही लूटे जेवर
कमरे में पहुंचते ही महिला ने सविता के सिर पर पीछे से किसी भारी वस्तु से ताबड़तोड़ वार कर दिया। अचानक हुए हमले से सविता गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। इसके बाद आरोपी महिला ने उनके शरीर पर पहने सोने-चांदी के जेवर उतारे और मौके से फरार हो गई।

होश आने पर बताई पूरी घटना
कुछ देर बाद सविता को होश आया तो उन्होंने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद तत्काल सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। दिनदहाड़े घर में घुसकर हमला और जेवर लूटने की इस वारदात से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।






































