LUCKNOW NEWS. बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता उदय प्रताप और एक महिला कंप्यूटर ऑपरेटर का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। बताया जा रहा है कि महिला के पति ने दोनों को गोमतीनगर स्थित होटल कॉन्टिनेंटल के एक कमरे में देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर गोमतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों से पूछताछ की।

जानकारी के मुताबिक, महिला पहले बांदा में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियंता उदय प्रताप के कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई है। बाद में उदय प्रताप का तबादला गोंडा कर दिया गया।

महिला को लखनऊ बुलाने का आरोप
बताया जा रहा है कि उदय प्रताप ने महिला को किसी काम के सिलसिले में लखनऊ बुलाया था। इसके बाद वह खुद भी गोंडा से लखनऊ पहुंचे। दोनों गोमतीनगर के होटल कॉन्टिनेंटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान महिला के पति को इसकी जानकारी मिली और वह होटल पहुंच गया।

पति ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम होटल पहुंची। मौके पर दोनों पक्षों से पूछताछ की गई। इस दौरान होटल में हंगामे की स्थिति भी बनी। सूत्रों के अनुसार, बाद में गोमतीनगर पुलिस के सामने दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।

अधिशासी अभियंता ने वीडियो को बताया पुराना
मामले पर अधिशासी अभियंता उदय प्रताप ने अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि बांदा में तैनाती के दौरान लखनऊ में उनका एक प्रेजेंटेशन था और उसमें मदद के लिए वह अपनी कंप्यूटर ऑपरेटर को साथ लेकर आए थे। उन्होंने वायरल वीडियो को पुराना बताते हुए कहा कि मामले के तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।

बिजली विभाग ने शुरू की जांच
वीडियो वायरल होने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। विभागीय जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि महिला को लखनऊ बुलाने की वजह क्या थी और होटल में दोनों की मौजूदगी किन परिस्थितियों में हुई। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।





































