PATNA NEWS. बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों ने अलग-अलग राज्यों में नए राजनीतिक संकेत दिए हैं। बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा के मजबूत गढ़ में बड़ी बढ़त बनाकर जीत लगभग तय कर ली है। वहीं मध्य प्रदेश के दतिया में कांग्रेस ने भाजपा को शिकस्त देकर सीट अपने नाम कर ली, जबकि गुजरात की मंजलपुर सीट पर भाजपा ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए अपना दबदबा बरकरार रखा।

बांकीपुर में प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक बढ़त
बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर 31वें राउंड की मतगणना तक जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को 63,203 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 39,794 वोट प्राप्त हुए। प्रशांत किशोर 18,953 वोटों की निर्णायक बढ़त के साथ जीत के बेहद करीब पहुंच गए हैं। अब केवल एक राउंड की मतगणना शेष है, जिससे उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है।
यह सीट भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन का पारंपरिक गढ़ रही है, जहां से वे लगातार पांच बार विधायक चुने गए थे। उनके राज्यसभा जाने के बाद यहां उपचुनाव कराया गया।

दतिया में कांग्रेस का उलटफेर
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। भाजपा ने इस चुनाव में पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा था, लेकिन यह फैसला पार्टी के लिए भारी पड़ गया। बताया जा रहा है कि भाजपा प्रत्याशी अपने ही क्षेत्र के कई बूथों पर पिछड़ गए।

मंजलपुर में भाजपा का दबदबा कायम
गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतेन्द्रभाई (सतीश) पटेल ने कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को 30,630 वोटों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भाजपा ने राज्य में अपना मजबूत जनाधार एक बार फिर साबित किया।

तीनों विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था। उपचुनाव के परिणामों ने बिहार में जन सुराज को बड़ी राजनीतिक बढ़त दिलाई है, जबकि मध्य प्रदेश और गुजरात में कांग्रेस व भाजपा ने अपनी-अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है।






































