Ranchi Tractor Accident: झारखंड की राजधानी रांची के कांके रोड पर शनिवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। बेकाबू ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी और गुजर रही करीब छह मोटरसाइकिलों और स्कूटियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर तेज गति से कांके रोड पर जा रहा था, तभी चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। इसके बाद ट्रैक्टर ने एक के बाद एक कई दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर कांके थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

इस दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।

फिलहाल पुलिस ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने की वजह, चालक की भूमिका और हादसे के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि दुर्घटना ट्रैक्टर के अचानक नियंत्रण खोने के कारण हुई, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.



































