BILASPUR NEWS. सरकंडा थाना पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देकर एक परिवार से करीब 14.50 लाख रुपये नकद और 450 ग्राम सोने के जेवरात हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसे पीले धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन तथा अपराध की रकम से खरीदी गई एक्टिवा जब्त की है। मामले के दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार राजीव विहार, सरकंडा निवासी एक बुजुर्ग ने शिकायत दर्ज कराई कि अस्वस्थता के कारण उन्होंने बैंक लेन-देन और लॉकर की जिम्मेदारी अपनी पोती को सौंप रखी थी। इसी दौरान जनवरी 2025 से आरोपी आयुष यादव और उसके साथियों ने पोती को परिवार के सदस्यों और छोटे बच्चों की हत्या व सड़क दुर्घटना कराने की धमकी देकर भयभीत करना शुरू कर दिया।

डर के माहौल का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने पीड़ित परिवार के एसबीआई और सहकारी बैंक खातों से एटीएम तथा फोनपे के माध्यम से किश्तों में 14.50 लाख रुपये निकलवा लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पोती को आर.आर. रिसॉर्ट के पास बुलाकर घर के लॉकर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण, जिनमें हार, चेन, अंगूठियां, झुमके और टीका शामिल थे, भी अपने कब्जे में ले लिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा एवं थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में आयुष यादव (22), आदर्श शर्मा (19), प्रिंस साहू (18) और आदित्य पांडे (19) शामिल हैं। चारों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले के दो अन्य आरोपी प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






































