DURG NEWS. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार देर रात कांग्रेस नेता और ग्राम पंचायत के पंच प्रकाश सिंह कश्यप की लूट का विरोध करने पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब वह अपने दो साथियों के साथ भिलाई से गांव लौट रहे थे। चार बाइक सवार बदमाशों ने रास्ता रोककर पहले लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह कश्यप की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र के करहीडीह और चिखली चौक के बीच की है। पुलिस के अनुसार मृतक प्रकाश सिंह कश्यप (45) ग्राम तुमाकला के पंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप गांव की सरपंच हैं। प्रकाश सिंह कश्यप कांग्रेस के धमधा मंडल कोषाध्यक्ष भी थे।

जानकारी के अनुसार प्रकाश सिंह कश्यप रविवार रात अपने दो परिचितों के साथ भिलाई स्थित शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती एक रिश्तेदार से मिलने गए थे। देर रात भोजन करने के बाद तीनों एक ही बाइक से गांव लौट रहे थे। रात करीब दो बजे रास्ते में चार बदमाशों ने डंडा अड़ाकर उनकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने मोबाइल फोन और नकदी लूटने की कोशिश की। जब प्रकाश सिंह कश्यप ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर लगातार चाकू से वार कर दिए। वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल और करीब चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। बाइक पर पीछे बैठे एक युवक ने किसी तरह जान बचाकर मौके से भागते हुए पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के विरोध में सोमवार को जिला अस्पताल के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने धमधा रोड पर नियमित पुलिस गश्त नहीं होने का आरोप लगाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

पुलिस कई टीमों के साथ जांच में जुटी
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।






































