DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा महिलाओं की सतर्कता और साहस के कारण टल गया। मोहेरा गांव के पास स्थित मोहेरा पुल के नीचे नदी में तेज बहाव की चपेट में आए दो बच्चों को स्थानीय महिलाओं ने अपनी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे नदी किनारे नहाने गए थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में बहने लगे। बच्चों को संकट में देख आसपास मौजूद महिलाओं ने बिना समय गंवाए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते मिली मदद से दोनों बच्चों की जान बच गई। राहत की बात यह है कि दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।


घटना का वीडियो सामने आने के बाद महिलाओं की बहादुरी की जमकर सराहना हो रही है। वहीं, लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों और पुलों पर जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास जाने से बचने तथा बच्चों को अकेले पानी के आसपास नहीं भेजने की अपील की है।






































