KHAIRAGARH NEWS. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में सड़क, बिजली और खाद की समस्या को लेकर कांग्रेस ने रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक हर्षिता बघेल, पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, कांग्रेस पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। आंदोलन के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।

कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें खपरी सिरदार से ढारा के नितिन चौक तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित लगभग 12 किलोमीटर सड़क का तत्काल निर्माण, अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाकर बढ़े हुए बिजली बिलों से राहत और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया बंद करने के साथ किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने की मांग शामिल रही।

आंदोलन की शुरुआत ग्राम खपरी सिरदार से हुई, जहां से करीब 40 ट्रैक्टरों के काफिले के साथ कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने रैली निकाली। रैली भंडारपुर होते हुए ढारा के नितिन चौक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने डोंगरगढ़-खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों, यात्री बसों और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की सड़कें जर्जर हैं, किसान खाद के लिए भटक रहे हैं और लगातार बिजली कटौती से आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय केवल घोषणाएं कर रही है।

स्थिति को देखते हुए खैरागढ़ और डोंगरगढ़ से प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनका ज्ञापन लिया और लिखित आश्वासन दिया कि डोंगरगढ़-खैरागढ़ सड़क के मरम्मत कार्य की शुरुआत परसों से कराई जाएगी। इसके बाद कांग्रेस ने अपना चक्काजाम समाप्त कर दिया।






































