RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ प्रिंटर्स एसोसिएशन ने एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से रायपुर में प्रदेश की पहली इंटरनेशनल प्रिंटिंग कॉन्फ्रेंस का सफल आयोजन किया। सम्मेलन के मीडिया पार्टनर न्यूज़ 24 एमपी-सीजी और लल्लूराम डॉट कॉम रहे। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भारत के अलावा सिंगापुर, श्रीलंका और नेपाल से आए विशेषज्ञों ने प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग के भविष्य, आधुनिक तकनीकों और नवाचारों पर अपने विचार साझा किए।

सम्मेलन में प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग से जुड़े बड़ी संख्या में उद्यमी, प्रिंटर्स, तकनीकी विशेषज्ञ और व्यवसायी शामिल हुए। विशेषज्ञों ने ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल प्रिंटिंग और आधुनिक मशीनों के बढ़ते उपयोग पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि बदलते दौर में नई तकनीकों को अपनाना उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करने के लिए बेहद जरूरी है।

विशेषज्ञों ने बेहतर गुणवत्ता, कम लागत, तेज उत्पादन और तकनीकी दक्षता बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं के समाधान का अवसर मिला।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न राज्यों से आए उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने निवेश, नवाचार और व्यापार विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की। इस अवसर पर 200 से अधिक डोनर्स का सम्मान किया गया, नए सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ और मेगा लकी ड्रॉ कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

आयोजकों ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से छत्तीसगढ़ का प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग वैश्विक तकनीकों से जुड़ेगा, युवाओं के लिए नए रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ेंगे तथा प्रदेश का उद्योग राष्ट्रीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।






































