LUCKNOW NEWS. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने पार्टी में अनुशासनहीनता और गुटबाजी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद के ससुर और वरिष्ठ नेता अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उनके साथ वरिष्ठ को-ऑर्डिनेटर रणधीर सिंह बेनीवाल पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अशोक सिद्धार्थ को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन उनके रवैये में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा निष्कासित नेताओं की अब दोबारा पार्टी में वापसी नहीं होगी।

डेढ़ साल में दूसरी बार हुई कार्रवाई
अशोक सिद्धार्थ को पिछले डेढ़ वर्ष में दूसरी बार पार्टी से निकाला गया है। इससे पहले फरवरी 2025 में भी गुटबाजी के आरोप में उन्हें निष्कासित किया गया था। हालांकि, सितंबर 2025 में उनकी पार्टी में वापसी करा दी गई थी। हाल ही में उनसे तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, गुजरात, छत्तीसगढ़ और दिल्ली का प्रभार भी वापस ले लिया गया था। इसके बावजूद नई जिम्मेदारी मिलने की चर्चाओं से कार्यकर्ताओं में भ्रम फैलने की बात सामने आने पर यह कार्रवाई की गई।

रामजी गौतम का बढ़ा कद, कई राज्यों के प्रभारी बदले
संगठनात्मक फेरबदल के तहत राज्यसभा सांसद रामजी गौतम को एक बार फिर पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। वे आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। वहीं मध्य प्रदेश के प्रभारी राजाराम को दिल्ली, केरल, गुजरात और कर्नाटक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा अशोक सिद्धार्थ के करीबी माने जाने वाले नितिन सिंह से भी केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है।

कार्यकर्ताओं को दिया सख्त संदेश
मायावती ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश के वे पदाधिकारी, जिन्हें अन्य राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, उन्हें यूपी में कोई अतिरिक्त जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी विरोधी गतिविधियों और भ्रम फैलाने वाले तत्वों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि बसपा को पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लक्ष्य के लिए संगठन में अनुशासन सर्वोपरि रहेगा।






































