SURAJPUR NEWS. प्रेम संबंध में अचानक आई दूरी ने शुक्रवार को सूरजपुर के चांदनी थाना परिसर में ऐसा हंगामा खड़ा कर दिया कि पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। प्रेमी से कई महीनों से संपर्क नहीं होने और मोबाइल बंद मिलने से परेशान करीब 20 वर्षीय युवती बयान दर्ज कराने थाने पहुंची थी। इसी दौरान वह अचानक थाना परिसर में बने रेडियो टावर पर चढ़ गई। ऊंचाई पर पहुंचने के बाद उसने प्रेमी को थाने बुलाने और शादी कराने की मांग शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि युवती ने अपने प्रेमी के खिलाफ पहले शिकायत दर्ज कराई थी। इसी सिलसिले में शुक्रवार को उसका बयान दर्ज किया जाना था। पुलिस की प्रक्रिया चल ही रही थी कि युवती अचानक बाहर निकली और रेडियो टावर पर चढ़ने लगी। कुछ ही देर में वह काफी ऊंचाई पर पहुंच गई। यह देखकर थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।

पहले प्रेमी को बुलाओ पर अड़ी
युवती के मुताबिक दोनों के बीच करीब 3-4 साल से प्रेम संबंध था। लेकिन पिछले कई महीनों से प्रेमी उससे संपर्क में नहीं है और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। इसी बात से नाराज युवती ने प्रेमी को थाने बुलाकर शादी कराने की मांग रख दी।
पुलिस और परिजनों ने उसे नीचे उतरकर बातचीत करने के लिए समझाया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। देखते ही देखते थाना परिसर में बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण जुट गए। गांव के सरपंच और उपसरपंच ने भी युवती को समझाने का प्रयास किया।

करीब पांच घंटे तक चला समझाइश का दौर
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की रणनीति बनाई। पुलिस जवानों ने उससे लगातार बातचीत की और उसे भरोसा दिलाने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाइश के बाद जवान जोखिम उठाकर टावर पर चढ़े और युवती तक पहुंचे। आखिरकार उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
युवती के नीचे आने के बाद पुलिस ने उसके और परिजनों से बातचीत की। पुलिस के अनुसार युवती की शिकायत पर नियमानुसार जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से संयम की अपील की
चांदनी थाना पुलिस ने लोगों से मामले को लेकर किसी तरह की अफवाह नहीं फैलाने और संयम बनाए रखने की अपील की है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और युवती की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।






































