JHANSI NEWS. उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम खजराहा बुजुर्ग से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां महज 400 रुपये के विवाद में एक युवक ने अपने ही 15 वर्षीय चचेरे भाई अंकित अहिरवार की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को गांव के कुएं में फेंक दिया।

18 जुलाई से लापता था अंकित
जानकारी के अनुसार, अंकित अहिरवार 18 जुलाई की शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर बबीना थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अगले दिन गांव के एक कुएं से अंकित का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि किशोर के सिर पर किसी भारी पत्थर से कई बार वार किए गए थे, जिससे उसकी मौत हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कॉल डिटेल और मजदूरी के पैसों से खुला हत्या का राज
मामले की जांच में बबीना थाना पुलिस और स्वाट टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने पर पता चला कि घटना वाले दिन उसकी अपने चचेरे भाई आशिक अहिरवार से कई बार बातचीत हुई थी। दोनों बदौरा गांव में साथ में मजदूरी करने जाते थे। शक के आधार पर पुलिस ने आशिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली।

400 रुपये के विवाद ने ले ली जान
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों ने मजदूरी की थी, जिसके कुल 1,200 रुपये अंकित को मिले थे। इनमें से 400 रुपये आशिक के हिस्से के थे, लेकिन अंकित पैसे मिलने से लगातार इनकार कर रहा था। घटना वाले दिन दोनों के बीच इसी बात को लेकर कुएं के पास विवाद हुआ। गुस्से में आकर आशिक ने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर अंकित के सिर पर कई बार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।

शव कुएं में फेंककर भागा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने अंकित के शव को पास के कुएं में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना पत्थर भी बरामद कर लिया है।

आरोपी भेजा गया जेल, गांव में शोक का माहौल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी आशिक अहिरवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस चचेरे भाई पर परिवार भरोसा करता था, उसी के हत्यारा निकलने से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं।





































