RAIPUR NEWS. देशभर में परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदम पर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए हाई-पावर्ड टास्क फोर्स गठित किए जाने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस फैसले का स्वागत किया है। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर युवाओं का भविष्य खराब करने का आरोप लगाते हुए इस पहल को केवल राजनीतिक नुकसान की भरपाई की कोशिश बताया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्र सरकार ने युवाओं की चिंता को गंभीरता से समझा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कठोर कानून बनाए जा रहे हैं और परीक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक सुरक्षित बनाया जाएगा। उनके मुताबिक नई व्यवस्था लागू होने के बाद ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी और छात्रों का भरोसा मजबूत होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 जुलाई को घोषणा की कि NTA की परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए एक मल्टीडिसिप्लिनरी हाई-पावर्ड टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसकी अध्यक्षता इंफोसिस के सह-संस्थापक और तकनीकी विशेषज्ञ नंदन नीलेकणि करेंगे। इस समिति में ISRO के पूर्व अध्यक्ष एस. सोमनाथ, पूर्व IB निदेशक तपन डेका, IIT मद्रास के निदेशक वी. कामकोटी, पूर्व शिक्षा सचिव अनीता करवाल और लॉजिस्टिक्स विशेषज्ञ अमृत लाल मीणा समेत कई विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं। समिति परीक्षा प्रणाली में तकनीकी सुधार, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सुझाव देगी।

दीपक बैज का हमला- टास्क फोर्स से नहीं लौटेगा युवाओं का भरोसा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि टास्क फोर्स बनाने से उन लाखों युवाओं का नुकसान पूरा नहीं होगा, जिनका भविष्य परीक्षा गड़बड़ियों से प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार के लिए सिस्टम में बैठे लोग जिम्मेदार हैं और सरकार अब अपनी गिरती साख बचाने के लिए नई समितियां बना रही है। बैज ने कहा कि युवाओं के आंदोलन और लगातार बढ़ते विरोध के दबाव में सरकार को यह फैसला लेना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि केवल टास्क फोर्स बनाकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।

प्रधानमंत्री द्वारा मंत्रियों को सोशल मीडिया पर रील बनाकर सरकार की योजनाओं का प्रचार करने की सलाह पर भी दीपक बैज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश का युवा केवल प्रचार नहीं बल्कि जवाबदेही चाहता है। उनके मुताबिक सोशल मीडिया अभियान से युवाओं के मुद्दों का समाधान नहीं होगा।

दिल्ली में 29 जुलाई को होने वाली कांग्रेस की बैठक को लेकर दीपक बैज ने कहा कि संगठन पूरी तैयारी के साथ बैठक में शामिल होगा। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी आंदोलनों की रणनीति तय करने और बारिश के बाद जल, जंगल और जमीन जैसे मुद्दों पर अभियान की रूपरेखा पर चर्चा होगी।





































