KORBA NEWS. शहर के सीएसईबी चौकी के सामने रेलवे फाटक के पास दिनदहाड़े युवकों के बीच हुई मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विवाद के दौरान युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसों और मुक्कों की बरसात कर दी। मारपीट के दौरान एक युवक के कपड़े तक फट गए। घटना से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि सड़क पर लंबा जाम लग गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट काफी देर तक चलती रही। इस दौरान राहगीर तमाशबीन बने रहे और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वाहन चालक लगातार हॉर्न बजाते रहे, जिससे यातायात प्रभावित रहा।


घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मारपीट के बाद पीड़ित युवक ने सीएसईबी चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। पीड़ित के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






































