KORBA NEWS. कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र के सलोरा-छुरी गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में रोपा लगाने का काम कर रहे तीन ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ खेत की मेढ़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आए तीन ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए।


हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटघोरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।






































