BENGALURU NEWS :बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उत्तर बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल में ठहरे महाराष्ट्र के एक युवा क्रिकेटर को साइबर ठगों ने सेक्सटॉर्शन का शिकार बना लिया। आरोप है कि डेटिंग ऐप के जरिए संपर्क में आई एक महिला ने वीडियो कॉल पर खिलाड़ी को झांसे में लिया और उसका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र का यह क्रिकेटर किसी पेशेवर काम से बेंगलुरु आया था और एक लग्जरी होटल में ठहरा हुआ था। उसने एक लोकप्रिय डेटिंग ऐप पर अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर किया था, जहां उसकी बातचीत एक अज्ञात महिला से शुरू हुई। बातचीत के दौरान महिला ने वीडियो कॉल पर आपत्तिजनक हरकतें कीं और खिलाड़ी को भी ऐसा करने के लिए उकसाया।

महिला ने कथित तौर पर करीब 30 सेकेंड की वीडियो रिकॉर्डिंग करने के बाद कॉल काट दी। इसके बाद साइबर अपराधियों ने क्रिकेटर को रिकॉर्ड की गई वीडियो क्लिप और स्क्रीनशॉट भेजकर धमकाना शुरू कर दिया।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे पैसे
आरोपियों ने खिलाड़ी को धमकी दी कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा और उसका करियर बर्बाद हो जाएगा। बदनामी के डर से क्रिकेटर ने शुरुआत में ठगों के कहने पर लाखों रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन पैसे मिलने के बाद भी आरोपियों ने ब्लैकमेलिंग बंद नहीं की और लगातार और अधिक रकम की मांग करते रहे।

साइबर पुलिस ने दर्ज की FIR
लगातार परेशान होने के बाद क्रिकेटर ने अपने दोस्तों से सलाह ली और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित की शिकायत पर बेंगलुरु नॉर्थ साइबर क्राइम पुलिस ने आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






































