JHANSI NEWS झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में बीती रात के समय एक रेस्टोरेंट के अंदर हुई सनसनीखेज वारदात ने शहर में दहशत फैला दी। नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित द मेड किचन रेस्टोरेंट में खाना खा रहे एक युवक की अज्ञात बदमाश ने कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसओजी समेत तीन टीमें गठित की हैं।

खाना खाते समय मारी गोली
मृतक की पहचान 33 वर्षीय संजय सिंह यादव के रूप में हुई है। वह गुरसराय क्षेत्र के हैवतपुरा गांव की ग्राम प्रधान रामादेवी का बेटा था। गुरुवार रात संजय अपने चार दोस्तों के साथ इलाइट चौराहे के पास स्थित द मेड किचन रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खाना खत्म होने ही वाला था कि काले कपड़े पहने एक युवक चुपचाप संजय के पास पहुंचा और उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाहर भागा और पहले से बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम
गोली लगते ही रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। संजय को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, फॉरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
LLB का छात्र, वकील के यहां करता था काम
परिजनों के अनुसार, संजय एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था और कचहरी में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी के रूप में कार्यरत था। इसके अलावा वह जमीन से जुड़े कारोबार में भी सक्रिय था। वह पिछले छह वर्षों से झांसी में रह रहा था।

दतिया से लौटकर पहुंचे थे रेस्टोरेंट
संजय के दोस्त शिवम ने बताया कि सभी लोग दतिया स्थित पीतांबरा पीठ में दर्शन कर लौटे थे। इसके बाद पांचों दोस्त खाना खाने के लिए द मेड किचन रेस्टोरेंट पहुंचे थे। तभी अचानक एक युवक आया और बिना कुछ कहे संजय को गोली मारकर फरार हो गया।

परिजनों ने रंजिश से किया इनकार
संजय के भाई सर्वेश ने बताया कि परिवार की किसी से कोई व्यक्तिगत या राजनीतिक रंजिश नहीं थी। उन्होंने कहा कि हत्या किसने और क्यों की, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
तीन एंगल से जांच में जुटी पुलिस
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए एसओजी समेत तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फिलहाल जमीन विवाद, व्यक्तिगत रंजिश और लव एंगल समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





































