SURAJPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के मदनपुर क्षेत्र में शुक्रवार को SECL की प्रस्तावित कोयला परियोजना को लेकर तनाव हिंसक झड़प में बदल गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पथराव कर दिया। इस घटना में डीएसपी राजेश जोशी समेत 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले SECL की सर्वे टीम और ग्रामीणों के बीच भूमि सीमांकन को लेकर विवाद हुआ था। उसी मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस शुक्रवार सुबह संबंधित आरोपियों को पकड़ने गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया।

हिंसक घटना में पुलिस और प्रशासन के कई वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

बताया जा रहा है कि मदनपुर-धरमपुर क्षेत्र में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की प्रस्तावित कोयला परियोजना के लिए भूमि सीमांकन और सर्वे का कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें प्रस्तावित मुआवजा स्वीकार नहीं है। उनकी मांग है कि नकद मुआवजे के बजाय ‘जमीन के बदले जमीन’ दी जाए।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासन की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।






































