SONAM WANGCHUK HUNGER STRIKE नई दिल्ली: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिनों तक चले अपने अनशन को समाप्त कर दिया है। उन्होंने यह फैसला केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मेदांता अस्पताल में हुई मुलाकात के बाद लिया। इस दौरान लेह-लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा,
“अभी-अभी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, डॉ. जितेंद्र सिंह और लेह-लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मैंने 26 दिनों के बाद अपना अनशन समाप्त किया है।”
उन्होंने बताया कि अनशन के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने उनसे मुलाकात की या पत्र लिखकर अनशन खत्म करने की अपील की थी। वांगचुक ने कहा कि लंबी बातचीत, कुछ सहमतियों और देश में किसी भी संभावित हिंसक स्थिति से बचने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही एक वीडियो जारी कर अनशन समाप्त करने से जुड़ी शर्तों और पूरी प्रक्रिया की जानकारी देंगे।

लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
सोनम वांगचुक ने अपने संदेश में देशवासियों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में हिंसा का रास्ता न अपनाया जाए और सभी लोग संयम बनाए रखें।

पीएम मोदी ने दी स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनम वांगचुक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि वांगचुक डॉक्टरों की सलाह का पालन करें और जल्द से जल्द अपना पुराना स्वास्थ्य और वजन वापस प्राप्त करें।

पहले सफदरजंग, फिर मेदांता अस्पताल में कराया गया भर्ती
अनशन के दौरान स्वास्थ्य बिगड़ने पर सोनम वांगचुक को पहले दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेदांता अस्पताल स्थानांतरित करने की मांग की। दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए मेदांता अस्पताल में शिफ्ट करने का आदेश दिया था। अदालत ने कहा था कि उनकी स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों की लगातार निगरानी आवश्यक है।

इसके बाद मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने उनसे मुलाकात की। इसी बैठक के बाद सोनम वांगचुक ने अपना 26 दिन लंबा अनशन समाप्त करने की घोषणा की।





































