GARIYABAND NEWS. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में बुधवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर हुए भीषण सड़क हादसे में वन विभाग के रेंजर अश्वनी दास मुरचुलिया की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देवभोग वन विभाग की शासकीय बोलेरो और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर से ध्रुवागुड़ी और बुढ़घेलटप्पा के बीच हुआ।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग की बोलेरो में कुल नौ लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, प्रशासन और सुरक्षा बल के जवानों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा सभी घायलों को तत्काल देवभोग अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक, रेंजर अश्वनी दास मुरचुलिया को गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अन्य आठ घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सड़क किनारे मुरुम की जगह चिकनी मिट्टी डाली गई है, जिससे बारिश या नमी के दौरान वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि सड़क किनारे की यही मिट्टी वाहन के नियंत्रण खोने और हादसे की एक संभावित वजह हो सकती है।

हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






































