NEW DELHI NEWS. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। इंदिरा भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान एक पुलिसकर्मी ने उनके कान में कहा, सरकार को हटाइए। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग दोहराई।

करीब 40 मिनट तक चली प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने 20 जुलाई को हुए ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के वीडियो और तस्वीरें प्रस्तुत कीं। उनका आरोप था कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस ने बल प्रयोग किया और कई छात्रों के साथ मारपीट की गई।

राहुल गांधी ने कहा कि नीट पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं से देश के लगभग 7.5 करोड़ छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं, लेकिन अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर जवाब देने से बच रही है।

मुझे घसीटा गया, मुंह से खून आया
राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें जबरन हटाया गया, जिससे उनके मुंह से खून आया और उन्हें चोटें भी लगीं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस छात्रों की आवाज उठाना जारी रखेगी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ना चाहिए।

वीडियो दिखाकर सरकार से मांगा जवाब
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने प्रेजेंटेशन के जरिए प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई से जुड़े कई वीडियो दिखाए। उन्होंने केंद्र सरकार से पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।






































