VRINDAVAN NEWS. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी, बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा बुधवार तड़के वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। बारिश के बीच कीचड़ से भरे रास्ते पर दोनों नंगे पांव आश्रम पहुंचे। इस दौरान विराट, अनुष्का का हाथ थामे उन्हें संभालते नजर आए।

जानकारी के अनुसार, दोनों सुबह करीब 4 बजे प्रेमानंद महाराज के नए आश्रम ‘यमुना बिहार कुंज’ पहुंचे। चेहरे पर मास्क लगाए यह चर्चित दंपति सादगी और श्रद्धा के साथ आश्रम में प्रवेश किया। प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने उनका स्वागत किया। दोनों ने करीब एक घंटे तक आश्रम में रहकर संत का सत्संग सुना और आशीर्वाद प्राप्त किया। बाहर निकलते समय विराट के माथे पर चंदन का तिलक था और उनके हाथ में प्रसाद दिखाई दिया।


इसके बाद विराट और अनुष्का लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित संत प्रेमानंद महाराज के गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने गुरुदेव के दर्शन कर उनका भी आशीर्वाद लिया।

उल्लेखनीय है कि विराट और अनुष्का पहले भी कई बार वृंदावन आ चुके हैं। इससे पहले आईपीएल खिताब जीतने के बाद 2 जून को भी दोनों प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे थे। उस समय उन्होंने करीब दो घंटे तक आश्रम में समय बिताया था। उनकी यह धार्मिक यात्रा एक बार फिर श्रद्धालुओं और प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।






































