WASHINGTON NEWS. अमेरिका ने बुधवार तड़के ईरान के पांच प्रमुख शहरों पर एक साथ भीषण एयर और मिसाइल स्ट्राइक की। सीजफायर टूटने के बाद यह लगातार 11वीं रात है, जब अमेरिकी सेना ने बड़े पैमाने पर ईरान को निशाना बनाया। हमलों के बाद पूरे मध्य पूर्व में तनाव और गहरा गया है तथा व्यापक युद्ध की आशंका तेज हो गई है।

ईरानी अधिकारियों के मुताबिक अमेरिकी हमलों में चाबहार, कोनारक, तबरीज, बेहबहान और ओमीदियेह शहरों को निशाना बनाया गया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने भी इस सैन्य कार्रवाई का वीडियो जारी किया है, जिसमें हमलों की झलक दिखाई गई है।

ट्रंप ने दी परमाणु ठिकाने पर बड़े हमले की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान के संदिग्ध परमाणु ठिकाने ‘पिकएक्स माउंटेन’ पर जल्द ही “बहुत बड़ा और बेहद शक्तिशाली” हमला कर सकता है। ट्रंप के बयान के बाद ईरान ने भी सख्त प्रतिक्रिया देते हुए चेतावनी दी कि यदि हमले जारी रहे तो संघर्ष का दायरा पूरे क्षेत्र में और बढ़ाया जाएगा।


11 दिनों में अरबों डॉलर का खर्च
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के अनुसार, ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान पर अब तक अमेरिका 37.5 अरब डॉलर (करीब 3.6 लाख करोड़ रुपये) खर्च कर चुका है। लगातार बढ़ते सैन्य टकराव ने मध्य पूर्व में हालात को बेहद तनावपूर्ण बना दिया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक युद्ध की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है।






































