RAIPUR NEWS. नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत द्वारा छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों को “जनता की गलती से मंत्री बने” और “दुकानदारी चलाने वाले” बताए जाने पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बयान केवल मंत्रियों का नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का सम्मान नहीं करने वालों को जनता लगातार सबक सिखा रही है।

रामविचार नेताम ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पांच वर्षों के कार्यकाल की सबसे बड़ी पहचान भ्रष्टाचार रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कोयला, शराब, डीएमएफ समेत कई मामलों में बड़े घोटाले हुए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सूपा बोले तो बोले, चलनी भी बोले तो क्या चलेगा?”

NEET परीक्षा को लेकर राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए नेताम ने कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी परीक्षा में गड़बड़ियां हुई हैं, सरकार ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की है और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


वहीं, नेता प्रतिपक्ष द्वारा देश में बढ़ती हत्याओं का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किए गए तंज पर रामविचार नेताम ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दों को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।






































