JALAUN NEWS : उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। औरैया-जालौन स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बाइक और सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पेट्रोल पंप से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, सिरसा कलार थाना क्षेत्र के जखा गांव निवासी कुलदीप, छोटे खां उर्फ कुंदन और कमलेश एक ही बाइक से मदारीपुर स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने गए थे। पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही वे औरैया-जालौन हाईवे पर बाइक मोड़ रहे थे, तभी जालौन की ओर से तेज रफ्तार में आ रही ब्रेजा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद भी कार चालक ने वाहन नहीं रोका और बाइक सहित तीनों युवकों को करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
दो की मौके पर मौत, एक की हालत गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही कुठौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने कुलदीप और छोटे खां उर्फ कुंदन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कमलेश को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हेलमेट नहीं पहने थे तीनों युवक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक पर सवार तीनों लोगों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। हालांकि पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच
कुठौंद थाना प्रभारी जगदंबा द्विवेदी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार कार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।






































