BILASPUR NEWS. खुटाघाट बांध में मछली चोरी करते पकड़े जाने और उसका वीडियो बनाए जाने की रंजिश में चौकीदार की हत्या करने वाले तीन आरोपियों को रतनपुर पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से स्कॉर्पियो वाहन से रास्ता रोककर चौकीदार पर हमला किया और डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक 12 जुलाई को मेलनाडीह निवासी श्याम सिंह पोर्ते ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह और तिरिथ राम यादव खुटाघाट बांध में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। कुछ दिन पहले दोनों ने बांध में मछली चोरी करते हुए नवागांव (गिरजाबंद) निवासी कान्हा धीवर उर्फ गोलू और अनिश धीवर उर्फ छोटू को पकड़ लिया था। इस दौरान तिरिथ राम ने चोरी का वीडियो बना लिया, जिससे नाराज आरोपियों ने उसका मोबाइल तोड़ दिया। बाद में मोबाइल बनवाने की बात पर समझौता हुआ, लेकिन मोबाइल नहीं बनवाया गया, जिससे दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी रही।

पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने तिरिथ राम यादव और श्याम सिंह की हत्या की योजना बनाई। 11 जुलाई की रात दोनों चौकीदार मोटरसाइकिल से खुटाघाट बांध की ओर जा रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने अपनी स्कॉर्पियो वाहन अड़ाकर उन्हें रोक लिया। मोटरसाइकिल गिरने के बाद तीनों आरोपियों ने डंडों से हमला कर दिया। श्याम सिंह किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला, जबकि तिरिथ राम यादव की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना रतनपुर में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों कान्हा धीवर उर्फ गोलू (34), अनिश धीवर उर्फ छोटू (22) और शुभम प्रधान उर्फ शोभू (21), सभी निवासी नवागांव (गिरजाबंद), को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






































