MUNGELI NEWS मुंगेली। जिले के लोरमी क्षेत्र में एक कपड़ा दुकान से लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। दुकान में पिछले चार वर्षों से काम कर रहे कर्मचारी ने गल्ले से धीरे-धीरे डेढ़ से दो लाख रुपये तक की रकम पार कर दी। आरोपी की करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

यह मामला लोरमी के चिल्फी थाना क्षेत्र का है। रंगियापारा निवासी दुकान संचालक लखन साहू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कपड़ा दुकान के गल्ले से लगातार पैसे गायब हो रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दुकान के कर्मचारी दुर्गेश साहू को अलग-अलग समय पर गल्ले से पैसे निकालते हुए देखा गया। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय दुर्गेश साहू के रूप में हुई, जो चिल्फी थाना क्षेत्र के गोल्हापारा का निवासी है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने चोरी से इनकार किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के पास से चोरी की रकम में से 60 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।





































