BILASPUR NEWS. शहर के नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात हुई एक सनसनीखेज घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। यहां पदस्थ सहायक सह रात्रि चौकीदार (सुरक्षा गार्ड) नरेंद्र कुमार खाण्डे (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोप लगाया है कि उनके हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से मारपीट की गई, गला दबाया गया और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना को बाल संप्रेक्षण गृह में गंभीर अपराधों के मामलों में निरुद्ध चार नाबालिग बंदियों ने अंजाम दिया। इनमें तीन रायगढ़ और एक कोरबा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। वारदात के बाद चारों बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

मृतक के परिजनों ने विभागीय अधिकारियों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नरेंद्र कुमार खाण्डे लंबे समय से तबादले की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। परिजनों का दावा है कि यदि समय रहते उनका तबादला कर दिया जाता तो शायद यह घटना नहीं होती।

पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






































