BENGALURU NEWS : देश की आईटी राजधानी बेंगलुरु से महिला सुरक्षा को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि पार्सल देने आए एक डिलीवरी एजेंट ने जबरन उनके फ्लैट में प्रवेश किया और फिर उनके सामने अश्लील हरकत करते हुए अपने निजी अंग दिखाए। घटना के बाद महिला ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा की, जिसके बाद बेंगलुरु पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।

टॉयलेट इस्तेमाल करने के बहाने घर में घुसा
महिला के मुताबिक, डिलीवरी एजेंट पार्सल देने के बाद टॉयलेट इस्तेमाल करने की अनुमति मांगने लगा। महिला ने कई बार साफ इनकार किया और कहा कि वह किसी अजनबी को घर के अंदर आने की इजाजत नहीं देती। उन्होंने उसे पड़ोस में रहने वाले लोगों से मदद लेने की सलाह भी दी, लेकिन आरोप है कि डिलीवरी एजेंट ने उनकी बात अनसुनी कर जबरन चप्पल उतारी और फ्लैट के अंदर घुस गया।

बाथरूम से निकलकर की अश्लील हरकत
महिला का आरोप है कि वॉशरूम से बाहर आने के बाद आरोपी ने उनके सामने अपने निजी अंगों का प्रदर्शन किया। इस घटना से वह बुरी तरह घबरा गईं और खुद को अपने ही घर में असुरक्षित महसूस करने लगीं। उन्होंने कहा कि किसी महिला के स्पष्ट इनकार के बावजूद जबरन घर में घुसना और ऐसी हरकत करना बेहद गंभीर अपराध है।

A disturbing incident occurred in which a @Flipkart delivery boy forced his way into a woman’s washroom and then showed his private parts to her.
What the heck? Women aren’t even safe in their own homes.
Strict action needed. pic.twitter.com/NVRDIvnEbd
— Sree Harsha (@AapathBandhava) July 11, 2026
डर के बीच खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश
महिला ने बताया कि घटना के दौरान उन्होंने तुरंत अपने मोबाइल का कैमरा ऑन कर लिया और फ्लैट का मुख्य दरवाजा खोलकर गेट के पास खड़ी हो गईं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत बाहर निकलकर मदद मांग सकें। उनका कहना है कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को देखते हुए उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए ऐसा कदम उठाया।

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद हरकत में आई पुलिस
महिला की पोस्ट वायरल होने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने पीड़िता से संपर्क कर घटना से जुड़ी पूरी जानकारी और डिलीवरी एजेंट का विवरण मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






































